सूर्यदेव - सुभाष सेतिया की नई कविता
राग दिल्ली में सुभाष सेतिया पहले भी कई बार प्रकाशित हुए हैं। अभी करीब महीना भर पहले उनकी तीन लघु कथाएं प्रकाशित हुई थीं। पाठक इस वेब पत्रिका में उनकी कविताएँ भी पहले पढ़ चुके हैं। इस बार जब यह कविता प्राप्त हुई तो हमारी पहली प्रतिक्रिया तो यही होती कि हम साधारणत: तीन-चार कविताएँ एक साथ प्रकाशित करना चाहेंगे, आप कुछ और कविताएँ भेजिए! फिर हमने देखा कि कविता का विषय सूर्य है तो हमें लगा कि रविवार आ रहा है और उस रोज़ के लिए यह कविता उपयुक्त रहेगी। सूर्य अनादि काल से मनुष्य के लिए पूजनीय रहा है और ऊर्जा के साथ-साथ विस्मय, और श्रद्धा का स्रोत भी रहा है। सूर्य की वंदना में न जाने कितने मंत्र, सूक्त और काव्य रचे गए होंगे। आप मान सकते हैं कि शायद सुभाष सेतिया की यह कविता उसी परंपरा की कड़ी हो।
सूर्यदेव
-सुभाष सेतिया
सृष्टि का सशक्त सितारा
अग्निपिंड तुम गोलाकार
ऊष्मा का अथाह कोश तुम
ऊर्जा का असीम आगार!
रवि, भानु, आदित्य, भास्कर
दिनकर, पूषण, अर्क, दिवाकर
ज्योतिर्मय , ग्रहराज, विभाकर
सूरज, मित्र, दिनेश , प्रभाकर
अग जग के संचालक हो
स्थिर हो पर दिखते गतिमान
ऋतुओं के संस्थापक हो!
समय चक्र के चालक हो
धरती तुम्हें ढूँढती फिरती
घूमे चारों ओर निरंतर
रात व दिन में होता अंतर!
अंधकार के सहज संहारक
ज्योति पुंज हो निर्विकार
उदय अस्त के नियमित क्रम से
अथक पथिक से गतिशील हो
आते तुम प्रकाश को लेकर
जाते हो तम को खदेड़ कर
प्रकृति का हर अंग उपकृत
वनस्पति की प्राणशक्ति हो!
हिम पिघलाते बढ़ते हो जब
नद नाले हो चलें प्रवाहित
अंतरिक्ष के राजा रवि तुम
आकाशगंगा करतीं तर्पण
सभी राशियां चरण चूमतीं
नक्षत्र झूम कर करते नर्तन!
तुम प्रकाश के सतत स्त्रोत हो
तमस् काल के तुम संहारक
तेज शक्ति के हो संचालक
जग सारा रहता है ज्योतित
तुष्ट सूर्य वरदान हमारा
उग्र भानु कर सके विनाश
मद्धम दिनकर शांतिदूत है
तीव्र रवि से न कोई आस!
सकल ब्रह्मांड ऋणी है तेरा
सब प्राणी जपते तव नाम
तन मन हर्षित करने वाले
सूर्य देव को लक्ष प्रणाम!
***********

सुभाष सेतिया आकाशवाणी से अपर महानिदेशक(समाचार) पद से रिटायर । भारतीय सूचना सेवा (IIS) के अधिकारी के रूप में आकाशवाणी और दूरदर्शन में समाचार संपादन, प्रकाशन विभाग में आजकल. योजना और Employment News का संपादन, पत्रकारिता का अध्यापन । 10 पुस्तकों का प्रकाशन । आकाशवाणी के विशेष संवाददाता के रूप में कई देशों की यात्रा । निवास : सी- 302, हिंद अपार्टमेंट, प्लॉट नंबर 12, सेक्टर 5, द्वारका, नई दिल्ली -110075 फोन : 9910907662