हैलोवीन - मुखौटे उतरने की कहानी
करीब तीन सप्ताह पहले अनीता गोयल की कहानी आश्रय-भ्रम प्रकाशित हुई थी जिसमें 1976 और उसके बाद के वर्षों में ऑस्ट्रेलिया पहुँचने वाले "बोट पीपल" (नाव द्वारा आए शरणार्थियों) में से एक छोटे से परिवार की मुश्किलों का ब्यान है। पिछली कहानी की विएतनामी बच्ची नुआक अब इस कहानी में सयानी हो गई है और नैन-नक्श के अलावा पूरी तरह ऑस्ट्रेलियन लड़की भी!. इस कहानी में बाकी क्या-क्या हुआ है, उसका कोई भी हिस्सा यहाँ बताना आपकी कहानी का मज़ा ख़राब कर सकता है, इसलिए हम आपके और कहानी के बीच से हटते हैं।
हैलोवीन
अनीता गोयल
ऑस्ट्रेलिया के पूर्वी समुद्रतट के निकट बसा रॉकहैम्प्टन नगर दिन में अपने ही आनंद में मगन चलता है पर शाम में बहुत चुप और गुम हो जाता है। नगर की बेफिक्री और अल्लहड़पन ने नुआक़ के चरित्र का निर्माण किया। नुआक साफ़ रंग, चिकनी बेदाग त्वचा, तीखे नैन नक्श, चमकीले और बिल्कुल सीधे बालों वाली, मध्यम कद की बहुत ही आकर्षक एशियन लड़की बनी। किशोरावस्था तक आते आते, बिन माँ की बच्ची की जिजीविषा को प्रेम रहित बालवाड़ी ने कठिन परिस्थितियों में भी लड़ने की शक्ति दी। रॉकहैम्प्टन की स्कूली शिक्षा भी बच्चों को 15 वर्ष तक का होते होते बिल्कुल आत्मनिर्भर और निर्भय बना देती है। सो नुआक़ का बाहर का खोल वियतनामी था पर अंदर से वह एक निश्छल, चुस्त और आत्मविश्वासी ऑस्ट्रेलियन लड़की बनी। वह स्वाभाविक रूप से ही कम बोलती थी, लेकिन जब बोलती थी तो बहुत सहज और मीठा बोलती थी। अपने शहर की भाँति उसमें अजब सी आकर्षण शक्ति थी। नुआक़ ने मेहनत करना दादी थाओ से ही सीखा था। पंद्रह वर्ष ही होते ही उसने विद्यालय के बाद पिज़्ज़ा बनाने वाले रेस्टोरेंट में काम पकड़ लिया।
नुआक़ को यह ही नहीं समझ आता था कि दादी, चाचा तुआन और रॉकहैम्प्टन में अप्रवासित मुट्ठी भर वियतनामी परिवार वियतनाम का नाम सुनते ही इतने द्रवित और उद्वेलित क्यों हो उठते हैं? जिस देश में जीवन ही सुरक्षित न हो उसके प्रति इनका इतना लगाव कैसे हो सकता है? थाओ अपने पति वैन डाओ के बारे में वियतनामी समुदाय में चर्चा करती रहती कि शायद कुछ ख़बर मिल जाये। उसे वियतनामी समुदाय में घटित होने वाली हर बात की जानकारी होती थी। थाओ ने सुना था कि प्रार्थना डालने से ऑस्ट्रेलिया सरकार बिछुड़े हुए वियतनामी परिवारों को मिलने का प्रयास करती है। उसे अंग्रेज़ी नहीं आती थी और वो इन कार्यालयों में नुआक़ के साथ नहीं जाना चाहती थी क्योकि वियतनाम में नुआक़ का भी परिवार था।
नुआक़ के पिज़्ज़ा रेस्टोरेंट पर डेविड अपनी कुछ महीनों की बेटी के साथ प्रायः ही आता था। वह बहुत ही प्यार से बच्ची से बात करती। बातों बातों में पता चला कि बच्ची तान्या की माँ डेविड को छोड़कर किसी और के साथ चली गई है। डेविड कभी कभी बच्ची को पिता होने के नाते संभालता था। सुनहरे बालों वाला लंबा, छरहरा रूपवान डेविड जुगाड़ मिस्त्री वाले सारे काम कर लेता था। नुआक़ को भी सभी सूझ-बुझ और चातुर्य वाले सभी काम अच्छे लगते थे। बातचीत का सिलसिला चला और दोनों में घनिष्ठता के साथ साथ आकर्षण बढ़ने लगा। घरों से फेंके गए अनुपयोगी कचरें से चुन कर डेविड ने नुआक़ के लिए एक कुर्सी और मेज़ बनाई। फिर कबाड़ से चुनकर एक कंप्यूटर भी तैयार कर दिया। नुआक़ के लिए ये किसी प्रेमी द्वारा दिया गया सबसे उत्तम उपहार था।
स्वच्छंद रॉकहैम्प्टन में आज भी नौकरी कॉलेज की डिग्री से नहीं, बल्कि कौशल और इच्छा पर निर्भर है सो हमारी लावण्या नुआक़ को जल्दी ही नौकरी मिल गई। वह अभी मुश्किल से सत्रह बरस की थी और बारहवीं भी समाप्त नहीं की थी। दादी और चाचा को सरकार से डोल यानी की बेरोज़गार भत्ता मिलता था, नुआक़ की नौकरी लग गई तो घर में पैसों की तंगी समाप्त हो गई। लेकिन घर के इस अच्छे समीकरण में डेविड के आगमन ने एक चिंगारी का काम किया। एक दिन नुआक़ ने मुनादी कर दी कि वह डेविड के साथ घर बसाना चाहती है। चाचा गुस्से में लाल होकर चुप्पी साधे बैठा था, दादी चिल्लाई, ”क्या इसी दिन को देखने के लिए जान पर खेलकर हम दोनों तुझे यहाँ लाए? कुछ तो पीछे ही छूट गया और बचा-खुचा ये देश खा लेगा।” कहकर वह ज़ोर ज़ोर से रोने लगी। प्रणय में जब बधाएँ हो तो वो और भी परवान चढ़ता है। बढ़ते प्रेम के साथ घर में तनाव रहने लगा। नुआक़ और डेविड का मिलना बंद न हुआ।
नुआक़ दादी के प्रति हमेशा ही आभारी थी पर दादी के बताए वियतनामी लड़के उसे संकीर्ण और दिशाहीन लगते थे। उसे अंग्रेज़ी साहित्य और गीतों में डूबकर बोलती डेविड की ज़बान बहुत ही मीठी लगती थी। दादी की रुष्टता और घर के शोर से परेशान नुआक, डेविड के आलिंगन के लिए बैचैन रहती और उसकी शामें और फिर कभी कभी कुछ रातें भी डेविड के घर पर बीतने लगी।
थाओ ने वियतनाम देश छोड़ते समय नुआक़ को साथ लिया ताकि शरण प्राप्त करने में आसानी हो। आज नुआक़ एक कर्मठ युवती है, अंग्रेज़ी बोलती है, पैसा कमाती है, देख-भाल करती है, कार चलाती है, चुस्त और फुर्त है। नुआक़ थाओ की कमाई है जिसे यूँ ही नहीं गवाया जा सकता। थाओ का घर एक बड़े जमीन के टुकड़े पर था। डेविड के लिए उसकी ज़िद्द, और अपनी पैनी दृष्टि से नुआक़ के हल्के बढ़ते वजन को भाँपते हुए, थाओ ने समझदारी से काम लिया नुआक़ को कहा,”अगर तू और डेविड यहाँ पीछे रहना चाहो तो ठीक है, पर मैं फिर चेताये देती हूँ कि वो शादी के लिए ठीक चुनाव नहीं है, वो हम में से एक नहीं है”। “हम अभी विवाह नहीं कर रहे बस साथ रहेंगें”, नुआक़ ने दादी के ऊपर जैसे बिजली गिरा दी।
डेविड कारीगर आदमी था। उसने बनिंग्स हार्डवेयर स्टोर से लोहे और लकड़ी के फट्टे लेकर एक छोटा घर थाओ के घर के पिछले हिस्से में बना लिया। प्रथम असफल विवाह के कारण डेविड को अब विवाह में रुचि नहीं थी और नुआक़ को प्रेम में विवाह की अनिवार्यता नहीं समझ आती थी। थाओ ने भी स्वयं को समझा दिया कि अगर विवाह नहीं होगा तो नुआक़ पूरी उसकी न सही तो पूरी डेविड की भी नहीं होगी। तुआन को अंग्रेज़ी बोलने वाला नया मेहमान फूटी आँखो नहीं सुहाता था।
अच्छा ही था कि डेविड को थाओ और तुआन की कोई बात समझ नहीं आती थी और उन दोनों को डेविड की। नुआक़ दोनों के बीच के सांस्कृतिक अंतर को समझती थी और कई बार उसने शांति के लिए अनुवाद भी बदले। पर तीनो एक दूसरे की कर्कश ध्वनियाँ और हाव भाव समझते थे। ऐसे ही कुछ वर्ष बीत गए और नुआक़ ने दो पुत्रों को जन्म दिया। डेविड के पास नौकरी तो थी नहीं तो वह घर रहकर सुघड़ पिता की तरह बच्चों की देखभाल करने लगा। पश्चिमी जगत में ये आम बात तो नहीं है पर अनसुनी बात भी नहीं है तो नुआक़ की गृहस्थी ठीकठाक चलने लगी। सारा दिन थक कर जब नुआक़, डेविड के कंधों पर अपना सिर रखती तो उसे लगता कि उसका देव और स्वर्ग यही है। वह कई बार सोचती कि उसका भाग्य कितना अच्छा है, नहीं तो कहीं वियतनाम में किसी दड़बे में पड़ी होती। वो कभी वियतनाम तो नहीं गई थी पर उसने बालवाड़ी में कई वियतनामी कहानियाँ सुनी थी।
थाओ के घर के आगे और पीछे बहुत ज़मीन थी और वह काफ़ी बागवानी करती थी। अपने ख़ाली समय में वह फ़ोन पर लगी रहती, अब मोबाइल का प्रचलन बढ़ने लगा था। एक दिन वह काफ़ी उग्रता से नुआक़ की प्रतीक्षा कर रही थी। शाम छह बजे घर पहुंचकर नुआक़ ने बच्चों के साथ कुछ देर कंप्यूटर खेल खेले। डेविड के बनाए कुछ नए एक्सेल प्रोग्राम देखे। रात का भोजन कर रोज़ की तरह सोने से पहले दादी और चाचा से मिलने गई। चाचा एक तरफ़ बिल्कुल मौन बैठा था। दादी ने बहुत प्यार से नुआक़ से चाय के लिए पूछा। नुआक़ ने सबके लिए चाय बनाई और रसोईघर में पड़े रात के भोजन के बर्तन साफ़ करने लगी। दादी ने कहा, “जब तेरा काम समाप्त होगा तो कुछ बात करनी है और तू ये बात डेविड को बिल्कुल नहीं बता सकती”।
नुआक़ को रिश्तों में पारदर्शिता प्रिय थी पर फिर भी उसने सहमति में सिर हिला दिया। दादी की आवाज़ में आज विशेष नरमी थी। उसने नुआक़ को पास बिठा कर कहा, “मैं तुझे यहाँ लायी थी और बताया था कि तेरी माँ नहीं रही। हमें वहाँ से जल्दी जल्दी में भागना पड़ा था। मुझे वियतनाम में अपनी एक पड़ोसन का नंबर मिला है और पता चला है कि तेरी माँ जीवित है”। थाओ और तुआन दोनों ने नुआक़ की तरफ़ गहरी नज़रों से देखा, मानो की आत्मा के भीतर तक झाँक रहे हो। करंट मारती हुई यह बात तेज़ी से नुआक़ के हृदय और आत्मा पर अंकित हुई। वह समझती वही थी जो कहा जाता था, शब्द और भाव के मतलब कुछ अलग हो सकते है, ये तो उसने सीखा ही नहीं था। उसने मन को स्थिर करते हुए दादी से पूछा, “तो तू अब कह रही है, माँ जीवित है और पिता?” “नहीं पिता नहीं” और सुनते ही नुआक़ की आँखे भर आई। कौन जाने ये अश्रु माँ के जीवित होने की प्रसन्नता में थे कि पिता के न होने पर। तुआन तो बस शून्य में ही देख रहा था और थाओ से काफ़ी अप्रसन्न प्रतीत होता था। तुआन ने नुआक़ को अपनी बच्ची का सा स्नेह दिया था, वह उसे दुखी नहीं देख सकता था। थाओ ने कहा, “मैंने पता किया है, हम कोशिश करे तो तेरी माँ को यहाँ ला सकते है, परिवार एक हो सकता है।“ नुआक़ ने कभी सपने में भी न सोचा था कि उसकी माँ जीवित होगी और वो कभी उससे मिल भी पायेगी। वह थाओ और तुआन से बिल्कुल अलग दिखती थी तो कभी आईना देखते हुए सोचती थी कि शायद अपनी माँ पर पर गई हो। पर न तो उसके पास माँ की कोई तस्वीर थी और न कभी इससे पहले थाओ ने उसकी माँ की कोई बात की थी। भावुक नुआक़ समझती थी कि दादी और चाचा का अतीत विषाद से भरा है तो उसे न छेड़ना ही अच्छा है।
नुआक़ कुछ न बोली और विषादमिश्रित प्रसन्ता के साथ अपने केबिन में लौट आई। डेविड बच्चों को सुलाकर कुछ कंप्यूटर खेल रहा था और उसने ध्यान न दिया। आँख के कोने से डेविड ने देखा और सोचा फिर से कुछ थाओ बम्ब फटा है। उसे फर्क नहीं पड़ता था क्योकि उसके अनुसार उसकी अपनी माँ और पहली बीवी भी थाओ की ही श्रेणी की क्लेशी महिलायें थी। नुआक़ ने कहा कि उसे कुछ सिर दर्द है और वो काफ़ी थकी है तो जल्दी सोएगी और लेटने चली गई।
नींद किसे आनी थी। नुआक़ की आखों में बचपन से लेकर आज तक की देखी सभी माएँ घूमने लगी। कोई बच्चे को गोद उठाए हुए और कोई अँगुली पकड़ कर चलते हुए और कोई खाना खिलते हुए। वो इस सुख से वंचित दादी को देखती थी जो हमेशा व्यस्त रहती थी। चाचा हमेशा अपनी कुर्सी पर चुपचाप बैठता था तो दादी को ही घर और बाहर के सब काम करने पड़ते थे। उसकी माँ की कल्पना अचानक उड़ान भरने लगी और किसी किसी कल्पना में पिता भी चित्रित होते। “माँ क्यों पीछे छूट गई, क्या कारण रहा होगा? क्या मैं अपनी माँ जैसे ही दिखती हूँ? माँ की कैसी आवाज़ होगी? मैं मिल पाऊँगी, क्या वो यहाँ आ पाएँगी या मुझे वियतनाम जाना होगा?” हज़ार प्रश्न उसके मन में आए।
सुबह का अलार्म बज पड़ा। डेविड बच्चों को विद्यालय के लिए तैयार लगा और उसने दादी के दरवाज़े पर जाकर दस्तक दी। दादी सुबह की चाय पी रही थी। उसे जैसे पता था कि नुआक़ सुबह ही आएगी। थाओ ने उसका सिर थपथपा कर कहा,”सोई नहीं क्या रात भर, ख़ून और परिवार का संबंध ही ऐसा होता है। तू धीरज रख, सब काम हो जाएगा”। नुआक़ ने धीरे से भरी आखों से चुप्पी तोड़ी। उसकी छोटी आँखें इस समय फ़ैल कर बड़ी हो गई थी, उनमें पूरी फ़िट्ज़रॉय नदी जैसी समय थी। उसके जीवन का सबसे बड़ा पाठ था कि रोना किसी भी परिस्थिति में नहीं है। अपने अश्रुओं पर नियंत्रण रखते हुए उसने दादी से कहा, ”मैं सब जानना चाहती हूँ। मुझे बताओ माँ कैसे पीछे छूट गई?” थाओ ने कहा, “क्या करेगी जानकर, बुरा समय था, रात के अंधेरे में भाग कर आना पड़ा। कौन संग आ सका, कौन छूट गया कुछ होश ही नहीं था। अब बूढ़ी हो चली हूँ, मुझे भी ठीक से याद नहीं। तुझे और तुआन को साथ ला पाई और बचा पाई यही बहुत है”। तुआन अपना नाम सुनते ही हिल पड़ा, “मुझे साथ लेकर क्या किया, तू मुझे जेल ही तो लाई है। तुम दोनों घर से बाहर रहती हो और मैं दीवारों के बीच में। जो नहीं आ पाए, हमसे तो बेहतर ही होंगे। जहाँ कोई बात करने को नहीं वहाँ क्या जीना और क्या रहना”।
नुआक़ को कुछ समझ नहीं आया और उठकर जाने लगी। दादी ने कहा, “बानमी और चाओ है अगर तेरा मन कुछ खाने को है?” नुआक़ फिर बैठ गई और हौले से एक बानमी को उठाकर देखने लगी। दादी ने एक कप में उसे फ़ो सूप दिया और उसके साथ लग कर बैठ गई। दादी ने नुआक़ को सहलाते हुए कहा, ”देख ज़्यादा मत सोच। मुझे तेरी माँ की खबर मिली तो सोचा कि तुझे पता होना चाहिए तो बस बताया। तू जाने दे”। नुआक़ ने कहा, “मुझे ना ही पता होता तो ठीक था। अब तो ये ब्रेड का पीस भी मुझे अपने मुँह में भारी पड रहा है। माँ वहाँ कैसे रहती होगी?” दादी ने कहा, “किसी फैक्ट्री में काम करती है, मुझे याद है कि वो तेरे जैसी ही दिखती है”। कुछ देर बाद नुआक़ उठ कर जाने लगी तो थाओ ने कहा, “अब नाव से आना संभव नहीं है क्योंकि सरकार की सख़्त पहरेदारी है। यहाँ लाने के लिए कुछ और सोचना पड़ेगा। लगभग 50,000 डॉलर लगेंगे जो हमारे पास नहीं है। शायद लाना संभव ही न हो”।
नुआक़ ने सुना और बिना मुड़े और कुछ उत्तर दिए चल दी। अब इतना पैसा कहाँ से लाए। वह लौट कर अपने केबिन में आ गई। उस दिन वह कार्यालय नहीं जा सकी। डेविड बच्चों को छोड़ने स्कूल गया था। कंप्यूटर पर बैठ कर ध्यान बटाने के लिए कोई खेल खेलना शुरू किया पर उसका मन ही नहीं लगा। जाने कब ‘गूगल सर्च इंजन’ खुल गया। नुआक़ अब वियतनाम के बारे में सब जानना चाहती थी। उत्तरी और दक्षिणी वियतनाम क्या थे, वो आपस में क्यो दुश्मन हो गए और उसकी दादी जैसे लोगो को वहाँ से क्यो भागना पड़ा? 1997 के बाद क्वींसलैंड में पॉलीन हेंसन का ‘वन नेशन’ आंदोलन अब समर्थन प्राप्त करने लगा था जिसमे एशियाई अप्रवास पर रोक लगा लगा कर राष्ट्रीय पहचान और पारंपरिक मूल्यों की रक्षा की बात की गई। अब सरकार अप्रवास आश्रय के लिए स्पष्ट और दृढ़ नीति बना रही थी। माँ से मिल पाना आसान तो नहीं होगा। अगर साल भर एक और नौकरी की जाये और उस के सभी पैसे बचाए जाये तो माँ को लाया जा सकता है। नुआक़ सुबह छह बजे से शाम के नौ बजे तक व्यस्त रहने लगी। जब तक आती बच्चे सो चुके होते। अपनी माँ के लिए पैसे जुटाने में, उसके बच्चों से संग रहने वाली उनकी माँ बिछुड़ने लगी। घर आने पर नुआक़ इतनी थकी होती कि उसे कोई सुध बुध न रहती। रॉकहैम्प्टन की सुबह की मुस्कान से पहले वह निकलती और शाम के घने अंधेरे के बाद ही आती। थाओ उसे आते जाते ही देखती पर कभी कोई शिकायत ना की। माँ दर्शन की व्याकुलता और आतुरता में प्रेम प्रणय, वात्सालय, दादी व चाचा, गीत संगीत, पठन-पाठन सब छूट गया।
करीब एक साल के बाद हैलोवीन ३१ अक्टूबर को नुआक़ का जन्मदिन था। उसे दादी ने यही दिन बताया था और फिर कभी उसने यह दिन याद ही नहीं रखा। नुआक़ कभी जन्मदिन मनाती नहीं थी पर आज सोचा कंप्यूटर खोल कर जमा पैसे पर एक दृष्टि ही डालकर स्वयं को निश्चिंत कर ले कि माँ आ सकती है, यही उसके लिए सबसे उत्तम उपहार होगा। बाद में दादी से जाकर आगे के रास्ते के लिए बात करेगी। डेविड बच्चों को लेकर ‘ट्रिक ऑर ट्रीट’ के लिए गया था। बैंक का ‘लॉग इन’ किया और अपने बैंक खाते की जमा पूंजी की जांच की। कुल जमा राशि केवल 1065 डॉलर ही थी। उसे समझ नहीं आया। बैंक की स्टेटमेंट देखी तो चक्कर ही आ गया। जैसे ही उसका वेतन आता था, वैसे ही निकाल लिया गया। वह धम्म से पीछे हो गई। दस मिनट बाद उठी और सारे घर की अलमारियाँ और दराज़े खोल डाली और कंप्यूटर पर डेविड के अकाउंट और फेस बुक पेज को उसने पहली बार देखा। उसके नेत्र डबडबा आए। बाहर गली के बच्चे भूत और पिशाच के मुखेटे लगा ‘ट्रिक ऑर ट्रीट’ खेल रहे थे, शायद किसी मुखौटे के पीछे डेविड भी था।
डेविड शाम तक बच्चो को लेकर घर आया। फैला हुआ घर देखकर वो हतप्रभ हो गया। आज से पहले उसने नुआक़ का केवल माधुर्य ही देखा था। नुआक़ की आँखों में शक्तिशाली मर्सिया चक्रवात घुमड़ आया था। डेविड ने कंप्यूटर पर अपना फेस बुक पन्ना देखा, बैंक स्टेटमेंट की प्रति पास ही पड़ी देखी। नुआक़ ने गीले नेत्रों से अश्रु न छलकने दिया और एक अंगुली को दरवाज़े की तरफ़ दिखा कर रूँधे गले से बोली, “बाहर”। डेविड को उसकी आवाज़ में दृढ़ स्वर सुनाई दिया। उसके पास अपने पक्ष में कहने को कुछ न था। किसी के लिए जीवन के संबंध जमा और घटा के धागे हो सकते है पर नुआक़ ने प्रेम में विश्वास और अधिकार दिया था, उसे कोई हिसाब नहीं चाहिए था। रॉकहैम्प्टन शहर से नुआक़ की बस्ती उजड़ गई और बची तो सिर्फ़ शिला ही थी।
थाओ बागवानी कर रही थी, उसने उठकर सारा दृश्य देखा। डेविड के जाने के बाद उसने नुआक़ की तरफ़ देखा। नुआक़ ने उसकी ओर पूरी बाजू फैलाकर हथेली से वही थमने का इशारा किया। बच्चों के सामने बात करके वो उन्हें कोई आघात नहीं पहुँचाना चाहती थी। थाओ बच्चों को लेकर अपने घर में आ गई जहाँ वो तुआन के साथ खेलने लगे। नुआक़ ने कल काम पर जाना था, हैलोवीन उत्सव समाप्त हो गया था। वो अपना घर का बिखरा सामान संजोने में लग गई। उसने दादी व दूसरे वियतनामी परिवारों से सुना है, जीवन संघर्ष है और जो भी हो समेटो और आगे बढ़ो।
**********

अनीता गोयल, दिल्ली विश्वविद्यालय के भारती महाविद्यालय में 12 साल इतिहास पढ़ाने के बाद, मेलबर्न (ऑस्ट्रेलिया) जा कर बस गई। वहाँ उन्होंने विक्टोरियन स्कूल ऑफ़ लैंगुएजिज़ के प्रोग्राम के अंतर्गत कई बरस माध्यमिक स्तर पर हिंदी पढ़ाने का कार्य किया। अपने आस-पास के परिवेश के प्रति सजग उनकी रचनाएं सामाजिक संवेदना से सरोबर होती हैं।