गुरु नानक प्रकाश पर्व: नाम जपो, किरत करो, वंड छक्को
कार्तिक पूर्णिमा को हम गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के रूप में भी मनाते हैं। यह अवसर हमें उन महान संत, चिंतक और लोकनायक की याद दिलाता है जिन्होंने धर्म और अध्यात्म को सामाजिक सरोकारों से जोड़ा। उनकी दृष्टि में ईश्वर किसी मंदिर, मस्जिद या कर्मकांड तक सीमित नहीं है बल्कि पूरा ब्रह्मांड ही उसकी आरती में मग्न है - “गगन में थालु रवि चंदु दीपक बने...”। इसी विराट दृष्टि के साथ उन्होंने मनुष्य को सरल जीवन-सूत्र दिया - नाम जपो, किरत करो और वंड छक्को। अर्थात् ईश्वर का स्मरण करो, ईमानदारी से श्रम करो और जो मिले उसे दूसरों के साथ बाँटकर खाओ। यही कारण है कि गुरु नानक देव की वाणी केवल आध्यात्मिक मुक्ति का संदेश नहीं देती, बल्कि समानता, करुणा, श्रम की गरिमा, स्त्री-सम्मान और विश्वबंधुत्व पर आधारित एक बेहतर समाज का सपना भी सामने रखती है। प्रो. आशा रानी के इस लेख के माध्यम से आज, उनके प्रकाश दिवस पर, उनके विचारों को याद करना अपने समय और समाज को नए सिरे से देखने का अवसर भी है।
गुरु नानक प्रकाश पर्व: नाम जपो, किरत करो, वंड छक्को
प्रो. आशा रानी
श्री गुरु नानक देव जी उन महान संतों और युग प्रवर्तकों में से एक हैं जिन्होंने हमारी चेतना को अनेक स्तरों पर प्रभावित किया है। उनके द्वारा रची गयी वाणी का मध्यकालीन साहित्य में महत्त्वपूर्ण और विशिष्ट स्थान है। यद्यपि भक्तिकाल (1375 ईस्वी से 1700) पर शोधकर्ताओं और इतिहासकारों ने न केवल गुरु नानक जी को लगातार अनदेखा किया था बल्कि संत-कवि गुरु रैदास जी की भी उपेक्षा की है। फिर भी अपने क्रांतिकारी विचारों एवं समाज-सुधार की शिक्षाओं के लिए गुरुनानकदेव जी समय और काल की सीमाओं को लांघकर आज पूरे विश्व में अपनी पहचान बनाये हुए हैं। कालक्रम की दृष्टि से देखें तो संत कवियों में क्रमशः गुरु रैदास (लगभग 1377 ई.), संत कबीर (लगभग 1398 ई.) और गुरु नानक देव (1469 ई.) आते हैं। किन्तु आलोचकों ने अपनी पुस्तकों में संत कबीरदास की वाणी पर अपेक्षाकृत अधिक बल दिया है, जबकि तीनों ही महान भक्त, संत-कवि तथा अपने समय के समाज-उन्नायक थे। वे अपने व्यक्तित्व में दार्शनिक दृष्टि, आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक सरोकार, काव्य-संवेदना तथा विश्वबंधुत्व की भावना को समेटे हुए अपने युग के पथप्रदर्शक बने।
मध्ययुग में जितनी भी सामाजिक विकृतियाँ थीं, उन पर सबसे पहले संत रविदास ने आवाज़ उठाई और उनका चिंतन एवं दर्शन जाति-प्रथा, सामाजिक भेदभाव के ख़िलाफ़ बेगमपुरा की संकल्पना लिए था। सुधि पाठकों को ज्ञात ही होगा कि संत गुरु रैदास की 'बेगमपुरा' की संकल्पना एक ऐसे आदर्श समाज का स्वप्न प्रस्तुत करती है जिसमें जाति, वर्ग और जन्माधारित सभी भेद समाप्त होकर समानता, न्याय और विश्वबंधुत्व की स्थापना हो जाती है। ठीक उसी तरह गुरु नानक वाणी भी एक ही समय में आध्यात्मिक चेतना, क्रान्तिकारी भावना और समाजशास्त्रीय परिप्रेक्ष्य को समेटे हुए है।
जब गुरुओं का इस धरा पर आगमन हुआ तब धर्म-पाखंड, बाहरी आडम्बरों और वर्णव्यवस्था का पर्याय बन चुका था, जो समूची मानवता के लिए हितकारी नहीं था। संत कवियों ने मानवतावादी दृष्टि को अपनाते हुए न केवल धार्मिक-सामाजिक कुप्रथाओं का डटकर विरोध किया बल्कि हिन्दू-मुस्लिम दोनों समाजों को खुलेआम उनकी विसंगतियों के लिए फटकारा। उनके हस्तक्षेप ने वंचितों, उपेक्षितों और हाशिये की अस्मिताओं की चेतना का विस्तार किया जिससे वे अपने साथ होने वाले अन्याय के प्रति जागरूक होने लगीं। उन्होंने धर्म को एक नये रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया जिसका उद्देश्य मानव कल्याण में निहित था। सभी संत भिन्न काल, जाति, प्रदेश, समाज से होने के बावजूद एक जैसी सोच रखते थे जिसे उन्होंने बड़े क्रान्तिकारी रूप में आगे बढ़ाया।
संतों का समय और समाज अनेक आधियों-व्याधियों से घिरा था व उस समय की सामाजिक,धार्मिक,आर्थिक स्थितियां बहुत गंभीर थीं। गरीब, शोषित, पीड़ित वर्ग हिन्दू-मुसलमान दोनों ओर से उपेक्षा और अपमान की मार सह रहा था। जाति-पाति का विष समाज रुपी शरीर को बेहोश और बेहाल कर रहा था और उनकी पीड़ा असहनीय थी। जब संतो ने उनकी यह दुर्दशा देखी तो उन्होंने पंडा,पुरोहित,मौलवी आदि के अस्तित्व को नकारकर कुरीतियों का खंडन करना शुरू किया। सारा सामाजिक ढांचा धर्म की भित्ति पर खड़ा था। समाज सुधार की इस आवश्यकता को सभी संतों ने स्वीकारा और वे जीवनपर्यन्त प्रयास करते रहे।
संतों ने एक स्वच्छ समाज एवं पवित्र धर्म की संस्थापना हेतु लोकमंगल की कामना से प्रेरित होकर तत्कालीन समाज में व्याप्त कुरीतियों एवं बाहरी आडम्बरों पर प्रहार करते हुए ‘व्यक्ति’ कल्याण को विशेष महत्त्व दिया। विचारों और आचारों की दुनिया में परिवर्तन लाने वाले गुरु नानक किसी का दिल दुखाये बिना तथा किसी पर आघात किये बिना कुसंस्कारों को नष्ट करने की शक्ति रखते थे। जहां एक ओर उन्होंने मनुष्य के सामाजिक दुखों का अनुभव किया वहीँ दूसरी ओर अंधविश्वासों और गलत मान्यताओं को दूर करने का प्रयास भी किया। भेद-भाव से ऊपर उठ कर वे हिन्दू-मुसलमानों को समान दृष्टि से देखते थे। सामाजिक तथा धार्मिक क्षेत्र में एकेश्वरवादी, मूर्तिपूजा का विरोध, हिन्दू-मुस्लिम एकता और सच्ची पवित्र भक्ति उनके जीवन का ध्येय रहा।
गुरु नानक जी द्वारा प्रवर्तित पंथ ने देश की जनता को एक नई दिशा प्रदान की जिसमें समानता, बंधुता, ईमानदारी और शारीरिक श्रम के द्वारा जीविकोपार्जन की नयी समाज-व्यवस्था पर जोर दिया गया। जब उन्होंने “ ऊंचे कुल क्या जनमिया, जे करणी ऊँच न होई” कहा तो इससे निम्नवर्गों को बहुत बड़ा संबल मिला। वर्ण व्यवस्था पर लगातार चोट करने वाले भक्ति आन्दोलन ने सभी जातियों के लिए भक्ति का द्वार खोल दिया और “जात-पात पूछे न कोई, हरि को भजै सो हरि को होई”, जैसा विचार देकर सभी मनुष्यों को एक धरातल पर प्रतिष्ठित करने की पुरजोर कोशिश की। उनका मानना था कि व्यक्ति जब ईश्वर की सर्वव्यापकता को हृदय से स्वीकार करता है तब वह किसी भी प्राणी के प्रति हिंसक नहीं हो सकता।
गुरु नानक जी ने सभी बन्धनों को तोड़कर मानव की एक ही जाति बताने का प्रयास किया “एक पिता एकस के हम बारिक”। सभी संतों की वाणी और शिक्षाओं का यही सार है कि हर मनुष्य में उसी परमतत्त्व का अंश है, वह कण-कण में समाया है लेकिन पाखंड-प्रपंचों में पड़ा मनुष्य इस सत्य को आज तलक नहीं समझ पाया बल्कि बदलते वक्त के साथ पाखंड की जडें और अधिक अज्ञानता व अन्धकार में धँसती नज़र आ रही हैं। आज भी दलित,हिन्दू-मुस्लिम वैमनस्य बढ़ता ही जा रहा है। नानक वाणी जाति एवं धार्मिक विभेद की भावना से ऊपर उठकर मनुष्य के अस्तित्व की समानता को संचरित करती है। ऐसे में श्री गुरु ग्रन्थ साहब में संकलित इस अनमोल शब्द की कितनी जरुरत महसूस होती है...
“अव्वल अल्लाह नूर उपाया, कुदरत दे सब बन्दे,
एक नूर ते सब जग उपजया, कौन भले कौन मंदे!!
गुरु नानक अपना सम्बन्ध समाज के निम्न और निम्नतर समझे जाने वाले लोगों के साथ मानते थे, सम्पन्न व्यक्तियों से सम्बन्ध बनाने में उन्हें गौरव का अनुभव नहीं होता था, यह उनकी श्रेष्ठता थी। समाज में चारों ओर असंतोष,उदासीनता, भाग्यवादिता का बोलबाला था, हताश और निराश जनता ईश्वर की शरण को ही मुक्ति का द्वार मान रही थी। वे तो सभी को एक परमात्मा की संतान मानते थे और जाति पूछने की मनाही करते थे। वे चाहते थे कि सभी वर्णों-धर्मों का समन्वय हो अर्थात् उनमें पांडित्य, शौर्य, दान, सेवा का सम्मिश्रण हो।
गुरु नानक देव जी ने मानव–मानव की बराबरी के लिए आर्थिक हैसियत को महत्त्व नहीं दिया बल्कि ऐसे समाज की कल्पना की थी जिसमें किसी के पास न अधिक धन हो और न ही धन की ऐसी कमी हो कि पेट भरने के लिए मनुष्य अपमानित होता रहे। वही मनुष्य सुखी हो जिसके पास आवश्यकतानुसार धन है। आज समाज में, ना केवल भारत में बल्कि विश्व भर में जो सामाजिक विखंडन एवं वैमनस्य की प्रक्रिया चल रही है, उसकी जड़ में आर्थिक विषमता एवं धन का असमान वितरण ही है। उनकी आस्था थी कि जहाँ पर दीन-दुःखियों के साथ सद्व्यवहार होता है वहां खुद ईश्वर होता है। इसलिए उनका संरक्षण करना जरूरी है। अब यही पद देखिए -
"नीचा अंदरि नीच जाति, नीचों अति नीचु!
नानक तिन के संगि साधि, बडिया सिउ किआ रीस!
जिथे नीच समाली अनि तिथे नदरि तेरी पखसीस !
(इस पद में गुरु नानक देव ने सामाजिक समानता और मानवीय गरिमा का समर्थन करते हुए कहा है कि वे समाज के उपेक्षित और वंचित लोगों के साथ खड़े हैं, क्योंकि ईश्वर की कृपा भी वहीं विद्यमान होती है जहाँ ऐसे लोगों का आदर और संरक्षण किया जाता है।)
गुरु नानक ने निम्न वर्गों के उद्धार के साथ-साथ स्त्री के सम्मान की भी रक्षा की। किसी भी धर्म में स्त्री की स्थिति अच्छी नहीं थी। उस समय स्त्रियों को केवल भोग की वस्तु माना जाता था, उनकी दशा अछूत व खरीदे हुए दासों जैसी थी जिन्हें कोई अधिकार प्राप्त नहीं था। नानक ने उन्हें पुरुषों की बराबरी का दर्जा दिया, नारी की निंदा करने वालों को कहा कि नारी अनिन्दनीय है, सम्मानीय है और वह हमारे जीवन की धुरी है। उसी के कारण सामाजिक,सांसारिक सभ्यता चल रही है। उनके इस मौलिक चिन्तन ने मध्यकाल में मानवता को सच्ची राह दिखायी।
"भंडु मुआ भंडु भालिऐ भंडी होवे बंधानु। सो किउ मंदा आखीऐ जितु जमहि राजान।” (इस पद में गुरु नानक देव ने स्त्री-विरोधी सामाजिक दृष्टिकोण का खंडन करते हुए स्त्री की गरिमा और महत्ता को प्रतिष्ठित किया है। वे प्रश्न उठाते हैं कि जिस स्त्री की कोख से राजा तक जन्म लेते हैं, उसे निम्न या अपमानित क्यों समझा जाए।)
गुरु नानक की वाणी का केंद्र बिंदु जनकल्याण था। उनके यहाँ हिन्दू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, स्त्री-पुरुष सभी को ईश्वर की प्राप्ति का बराबर अधिकार था। उसका अंश सब जीवों के शरीरों में विभिन्न होते हुए भी आत्मा के रूप में विराजमान है। उनकी दृष्टि में विशाल हृदय, सहिष्णु, मानवता का पुजारी और धर्मान्धता, संकीर्णता, ढोंग, जर्जित कर्मकांडों से ऊपर उठा व्यक्ति ही सही होता है। गुरु नानकदेव जी ने उत्तम आचरण को ही श्रेष्ठ माना। उन्होंने महसूस किया कि जब तक मनुष्यों के बीच प्रेम नहीं होगा, तब तक सभी जीवों के प्रति सहानुभूति का विस्तार असंभव है। उन्होंने लोकमंगल की दृष्टि से विनम्रता, क्षमा, दया, करुणा, मैत्रीभाव इत्यादि सद्गुणों के विकास पर बल दिया, हिन्दुओं और मुसलमानों दोनों को ही चेतावनी देते हुए कहा कि निरी बातों से बहिश्त या स्वर्ग की प्राप्ति नहीं हो सकती, उसके लिए शुद्ध आचरण जरूरी है। सच्चे और सुच्चे मार्ग पर चलकर ही इस भवसागर से पार हुआ जा सकता है, झूठी बातें करने से झूठ की प्राप्ति होगी। उनके साहित्य में कर्म और श्रम का सुंदर समन्वय मिलता है। वे परायी वस्तु को छूना भी पाप मानते थे
“हकु पराइया नानका उसु सूअर उसु गाइ।
गुरु पीरु हामा ता भरे जा, मुरदारू न खाइ।।”
संत कबीर की तरह गुरु नानकदेव जी ने सहज भक्ति को मानते हुए हृदय की पवित्रता, मन की शुद्धता और सहजता पर विशेष बल दिया। साम्प्रदायिकता के ज़हर से बाहर लाने के लिए उन्होंने अपनी वाणी में कुछ आदर्श साधकों की परिकल्पना की, जो बाहरी आडम्बरों से दूर हों और सहजता को जीवन का मूल मानते हों और मानवीय मूल्यों के संरक्षक हों। गुरु नानक देव जी की विश्वदृष्टि का मूलाधार उनके द्वारा दिया गया “जपुजी साहिब” का यही मन्त्र है …
एक ओंकार, सतिनाम, करता, पुरखु, निरभउ।
निरवैर,अकाल मूरती, अजूनी, सैभं, गुरु प्रसादि।
आदि सचु जुगादि सचु। है भी सचु नानक होसी भी सचु।।
नानक जी ने जो पूरी सृष्टि की वंदना करती अखण्ड आरती लिखी। उन्होंने यह आरती पूर्वी भारत की यात्रा (उदासी) के दौरान जगन्नाथ पुरी मंदिर में उच्चरित की थी जिसमें परम्परागत आरती से हटकर सम्पूर्ण सृष्टि को ही उस परम परमेश्वर के आगे नतमस्तक दिखाया है। उस परमेश्वर की इतनी विराट और सहज आरती करने में ब्रह्माण्ड की हर वस्तु अपनी शक्ति और समर्थता से जुटी हुई है, ऐसे अनाडम्बर,सहज और निरीह आत्मसमर्पण के आगे तन-मन खुदबखुद विनत हो जाता है जिसके लिए किन्हीं कृत्रिम साधनों की कोई आवश्यकता नहीं रहती । इसके माध्यम से उन्होंने पंडितों के दिखावे की प्रक्रिया पर प्रश्नचिन्ह लगाया और कुदरती आरती का रूपक बांधकर मनुष्य के चरित्र को भी महान बनने की प्रेरणा दी। गुरु नानक जी की इसी विराट संकल्पना को देखते हुए रवीन्दनाथ टैगोर ने नानकदेव जी की अखण्ड आरती को ‘विश्वगान’ कहा था। बानगी देखिए -
गगन में थालु, रवि चंदु-दीपक बने/तारिका मंडल जनक मोती/ धूप मलआनलों पवणु चवरो करे/सगल बनराइ फूलंत जोती/कैसी आरती होइ/
भवखंडना तेरी आरती।।
नानक देव जी के जीवन के तीन प्रमुख आधार रहे हैं - नाम जपो, किरत करो और वंड छको यानि सब उस परम् पिता परमेश्वर का नाम जपें , ईमानदारी व मेहनत से पैसा कमाएं और सब मिल बांटकर खाएं। अपनी इसी सोच को साकार करने के लिए ‘लंगर’ और ‘पंगत’की परम्परा की शुरुआत की,जिससे हर जरूरतमंद को पेटभर खाना मिले और उनकी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति हो सके। धर्म,जाति,लिंग,नस्ल,ऊंच-नीच, अमीर-गरीब के आधार को तिरोहित कर सब एक साथ उस परम परमेश्वर की आराधना कर सकें और उच्च विचारों को धारण कर सकें। निश्चित रूप से अपने जीवन में सच्चा सौदा करने वाले नानक जी के विचारों को आत्मसात करके समाज में सद्भावना,सुख एवं शांति का वातावरण निर्मित हो सकता है।
इस प्रकार कह सकते हैं कि भक्ति आन्दोलन की महान संत परम्परा में गुरु नानक देव जी ने अपने महान व्यक्तित्व और काव्य-वाणी से सम्पूर्ण युग को सन्देश देने का अद्भुत कार्य किया। गुरु नानक जी का गौरव उनके विलक्षण व्यक्तित्व, दूरदर्शिता, युग के प्रति जागरूकता,आमजन से सरोकार, लोक संग्रह की भावना, आडम्बरों के प्रति विद्रोह व घट-घट में व्याप्त उस परमसत्ता के महीन तत्व से जुड़ा है। विश्व की महान विभूतियां समय और काल से परे होती हैं जिनकी महानता उनके विचारों द्वारा युगों-युगों तक जन जीवन को जागृत करती है तथा राष्ट्र एवं जगत का मार्ग प्रशस्त करती है। जब देश भेदभाव और विदेशी हमलावरों के आक्रमणों से आक्रांत था तब मानवता को जीवन के सही उद्देश्यों का बोध कराने गुरु नानक जी विश्वभर की चार बड़ी यात्राओं (उदासियों) के लिए निकले थे। उन्होंने चारों दिशाओं में घूमते हुए त्रस्त मनुष्यों के दुखों को न केवल सुना बल्कि उनको उभरने के उपाय भी बताये। सारी मनुष्यता को उन्होंने बताया कि ईश्वर एक है, वही सत्य है, वह सभी में वास करता है और हम सबमें उसी का अंश हैं। अत: सबसे बड़ा धर्म मानवधर्म है। आज विश्व में श्री गुरु नानक देव का नाम समाज में समता लाने, विखंडित राज्यों को एकसूत्र में बांधने, नये समाज का निर्माण करने और उनकी मानवतावादी दृष्टि के लिए जाना जाता है।
भाई गुरदास जी ने उनके लिए उचित ही कहा -
“सतगुरु नानक प्रगटिया, मिटी धुंध जग चानण होया।”
*********

दिल्ली विश्वविद्यालय के पी.जी.डी.ए.वी. कॉलेज (सांध्य) में कार्यरत प्रो. आशा रानी नारीवादी चेतना की प्रखर प्रवक्ता हैं। नारी विमर्श पर उनकी ‘स्त्री विमर्श की उलझनें’, ‘हिंदी स्त्री लेखन’ और ‘स्त्री साहित्य का सौंदर्य शास्त्र’ जैसी महत्वपूर्ण पुस्तकें आईं हैं। साथ ही ‘भारत का बदलता परिदृश्य और हिंदी साहित्य की भूमिका’ एवं ‘हिन्दी शोध:स्वरूप और संभावना’ जैसी शोधपरक पुस्तकों ने हिन्दी के शैक्षणिक जगत में विशिष्ट स्थान बनाया है। इन चर्चित पुस्तकों के साथ-साथ हिन्दी की विभिन्न पत्रिकाओं व पुस्तकों में उनके 60 के करीब आलेख प्रकाशित हो चुके हैं। वह दो वर्ष तक दिल्ली विश्वविद्यालय की एकेडमिक काउंसिल की सदस्य रहीं और उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय की अनेक समितियों में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। अपने लगभग तीन दशक के शैक्षणिक कैरियर में उन्हें कई सम्मान भी प्राप्त हुए हैं। उनके निर्देशन में दिल्ली विश्वविद्यालय से एक शोधार्थी को पीएचडी की उपाधि प्राप्त हो चुकी है और अनेक शोधार्थी उनके मार्गदर्शन में अपना शोधकार्य कर रहे हैं। ई-मेल asharani@pgdave.du.ac.in